जंघई। सोमवार को श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ से पूर्व सेमरी, डीह गांव के मुख्य मार्गों एवं गांव में गाजे बाजे ढोल नगाड़ों एवं रथ के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में भक्ति भाव के साथ महिला, पुरुष सिर पर कलश लेकर कथा स्थल तक पहुंचे। आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण से कलश में भरे जल से कथा स्थल की शुद्धि की गई एवं श्रीमद्भागवत पुराण की पूजा करते हुए वेदी पूजन अर्चन तथा महात्म्य पर प्रकाश डाला गया। कथा व्यास अवनीश भाई जी महाराज श्रीधाम वृंदावन के मुख से भागवत कथा का वर्णन किया गया प्रवचन करते हुए महाराज ने कहा कि भागवत कथा का श्रवण करने से मानव जीवन में एक जन्म नहीं अपितु हमारे कई जन्मों के पापों का नाश होने के साथ ही हमारे शुभ कर्मों का उदय होता है।कथा सुनने मात्र से जीव जन्म और मरण के बंधन से मुक्त हो जाता है। कथा में मुख्य यजमान विजय कुमार शर्मा, जयकुमारी देवी, अजय शर्मा, मनीष शुक्ला सहित तमाम लोग मौजूद रहे।