प्रतापगढ़। मोबाइल गेम खेलने की आदत किस कदर लोगों को मुसीबत में डाल सकती है, इसकी बानगी प्रतापगढ़ में देखने को मिली है। यहां लूडो के खेल में महिला ने खुद को दांव पर लगा दिया और हार गई। उसने ये शर्त मकान मालिक से लगाई थी। महिला जब हार गई तो पति को चिट्ठी लिख दी कि वह आकर इस संबंध में मकान मालिक के साथ लिखा पढ़ी कर ले। बेचारे पीड़ित पति ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है।


महाभारत में पांडवों ने चौसर पर द्रौपदी को दांव पर लगाने की कहानी तो आपने सुनी ही होगी। अब प्रतापगढ़ के नगर कोतवाली इलाके की इस अजब वारदात ने सबको ही हैरत में डाल दिया है। दरअसल, महिला का पति रोजी रोटी कमाने के लिए राजस्थान के जयपुर चला गया था। पति घर खर्च के लिए पत्नी को पैसे भेजता था।


पैसे खत्म हुए तो खुद को दांव पर लगाया :


महिला प्रतापगढ़ के देवकली में किराए के मकान में रहती थी। महिला पति के भेजे पैसों को मकान मालिक के साथ जुआ खेलकर उड़ा देती थी। जब महिला के पास पैसे खत्म हो गए तो उसने अपने आप को ही दांव पर लगा दिया। मकान मालिक बाजी जीत गया जिसके बाद महिला उसके साथ रहने को मजबूर है।


हमारे चक्कर में पड़ोगे तो काटकर फेंक दिए जाओगे:


पत्नी ने इस बात की जानकारी अपने पति को फोन करके दी और पति से कहा कि ‘मैं खुद को लूडो में हार गई हूं, आकर लिखा-पढ़ी कर लो। अब हमारे चक्कर में पड़ोगे तो काटकर फेंक दिए जाओगे।’


पति घर लौटा तो खुला राज :


पति जब जयपुर से कमाकर घर लौटा तो उसे पता चला कि उसकी पत्नी को मकान मालिक ने जुए में जीत लिया है। इसके बाद वह मकान मालिक से मिला तो उसने इसकी पुष्टि की। उन्होंने महिला को पति के साथ भेजने से इनकार कर दिया।


2 बच्चों की मां है महिला :


मीडिया रिपोर्ट्स के मानें तो पीड़ित पति रामपुर के बेल्हा का निवासी है। उसकी शादी अमेठी जनपद में हुई थी। इन दोनों के दो बच्चे भी हैं। लूडो में हारने के बाद पत्नी अब मकान मालिक के साथ ही रह रही है।