प्रयागराज: महिला कांस्टेबल से सिपाही ने किया रेप, वीडियो बनाया


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तैनात एक सिपाही ने महिला कांस्टेबल को नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया। साथ ही वीडियो भी बना लिया। महिला कांस्टेबल ने शादी के लिए कहा तो वीडियो वायरल करने की धमकी दी। महिला कांस्टेबल ने आजिज आकर कर्नलगंज थाने में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। इसके बाद सिपाही भागा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्य संकलन, महिला का बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पुलिस ऑफिस में तैनात महिला कांस्टेबल की तहरीर पर कर्नलगंज थाने में गाजीपुर के रहने वाले सिपाही पंकज सिंह यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि फोटोग्राफी सेक्शन में तैनात सिपाही ने महिला कांस्टेबल से दोस्ती की। मोबाइल पर बात होने लगी तो सिपाही पुलिस लाइन में महिला कांस्टेबल के कमरे में आने-जाने लगा। उसने महिला सिपाही से शादी का वादा किया। एक रात वह कोल्ड ड्रिंक लेकर पहुंचा। उसमें नशीला पदार्थ मिला था। सिपाही ने महिला कांस्टेबल को कोल्ड ड्रिंक पिलाकर नशे में कर दिया, फिर दुष्कर्म करते हुए वीडियो बना लिया। कई अश्लील फोटो भी खींच ली। बाद में महिला ने विरोध किया तो उससे शादी का वादा करने लगा। अब शादी का दबाव बढ़ने पर उसने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह का कहना है कि महिला कांस्टेबल की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। महिला का 164 का बयान दर्ज कराया जाएगा। आरोपित सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।