जंघई। श्री आदर्श रामलीला मंडल बंदी पट्टी, प्रयागराज की 55 वीं वर्षगांठ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सम्मानित क्षेत्रवासियों के सहयोग से रामलीला प्रांगण में पांच दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया गया। कथा व्यास धर्मराज तिवारी महाराज ने भगवान श्री राम की महिमा का व्याख्यान करते हुए कहा कि श्री राम कण-कण में रमण करने वाली शक्ति हैं और श्री राम की कथा श्रवण करने से इंसान भवसागर से पार हो जाता है।

कथा के महत्व को बताते हुए महाराज ने कहा कि प्रभु की कथा श्रवण करने के लिए भगवान भोलेनाथ ऋषि अगस्त्य जी के आश्रम में जाते हैं और प्रभु की पावन पुनीत कथा को श्रवण कर धन्य हो जाते हैं। गरुड़ जी भी जब भगवान राम और लक्ष्मण को नागपाश में बंधा देखते हैं तो उनके मन में संशय उत्पन्न हो जाता है फिर वह हनुमान जी के कहने पर भगवान भोलेनाथ के पास जाते हैं और प्रभु की कथा को श्रवण करते हैं, तत्पश्चात प्रभु की कथा को श्रवण कर उनके मन के सारे संशय दूर होते हैं। 

महाराज ने कहा कि जो भगवान की कथा को श्रवण कर अपने जीवन को चरितार्थ करते हैं तो उनका जीवन धन्य हो जाता है। प्रभु राम हमारे आचरण और हमारे उत्तम विचार में अवश्य विराजमान होने चाहिए यही उनकी सबसे बड़ी भक्ति है। भगवान श्रीराम ने आदर्श राजा, उत्कृष्ट भाई, श्रेष्ठ पुत्र, महान मित्र की भूमिका एक साथ निभाई तथा एक मानक स्थापित किया। प्रभु राम के नाम मात्र से रावण जैसे अत्याचारी का अंत हो जाता है और अंदर के सारे क्लेश पाप और कुविचार समाप्त हो जाते हैं मन के रावण का अंत करें, स्वत: प्रभु राम की भक्ति मिल जाएगी। अन्याय पर न्याय की जीत के लिए प्रभु श्री राम ने विकट समुद्र को पार कर यह साबित कर दिया कि अन्याय और अत्याचार का हर समय विरोध करना ही मनुष्य का नैतिक कर्तव्य है। मंगलवार को श्रीराम कथा का समापन हुआ, श्रीराम कथा के कारण क्षेत्र भक्तिमय हो गया कथा यज्ञ में दूर-दराज से काफी संख्या में भक्त पहुंचे और भक्ति कथाओं से श्रोता सराबोर होते रहे। कथावाचक ने कहा कि सत्संग के माध्यम से ही हम ईश्वर के करीब पहुंचते हैं। 


कथा के पश्चात बुधवार को पूर्णाहुति हवन, आरती एवं विशाल भंडारा, देव प्रसाद का आयोजन किया गया‌। इस अवसर पर यजमान काशी नरेश पांडेय, आशा देवी एवं आयोजकों में अमित कुमार मिश्र रामलीला कमेटी अध्यक्ष, कैलाश नाथ पांडेय, आचार्य दुर्गा महाराज व्यास, पवन कुमार शुक्ल समाजसेवी, श्याम कृष्ण पांडेय सांसद निजी सचिव, सतीश कुमार मिश्र समाजसेवी, देवी प्रसाद पांडेय, लल्लन तिवारी, जवाहरलाल गौड़, दिलीप कुमार केसरी, राजेंद्र प्रसाद यादव, आनंद कुमार पांडेय सहित तमाम लोग मौजूद रहे।