नई दिल्ली (एएनआई)। दुबई के होटल में वॉलीवुड सुपरस्टार श्रीदेवी की मौत बाथटब में डूबने से हुई थी। फॉरेंसिक जांच कर रहे दुबई के डॉक्टरों ने श्रीदेवी की पोर्स्टमॉर्डम में इस बात का खुलासा हुआ है कि श्रीदेवी को कॉर्डियक अरेस्ट के बाद बाथटब में गिर गई थीं। अस्पताल की तरफ से सारी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं और डेथ सर्टिफिकेट भी जारी कर दिया गया है l कुछ समय बाद वहां चार्टर विमान से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई के लिए रवाना होगा और उम्मीद की जा रही है कि यहां रात आठ बजे के आसपास विमान लैंड होगा l

दुबई में अपने पति बोनी कपूर के भांजे मोहित की शादी में भाग लेने के बाद शॉपिंग के लिए रुकी श्रीदेवी को शनिवार की देर रात दुबई के होटल में मौत हो गई थी। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित किया गया। उद्योगपति अनिल अंबानी ने श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को दुबई से मुंबई लाने के लिए 13 सीटों वाले निजी विमान (एम्ब्राएर-135बीजे) को पहले ही रवाना कर दिया था।

इससे पहले खलीज टाइम्स के हवाले से खबर आई थी कि बोनी कपूर और श्रीदेवी को दुबई से मुंबई के लिए निकलना था लेकिन मुंबई आने से पहले बोनी कपूर अपनी पत्नी श्रीदेवी को एक स्पेशल सरप्राइज देना चाहते थे। वह श्रीदेवी को डिनर के लिए ले जाना चाहते थे। उन्होंने शाम को श्रीदेवी को अपने प्लान के बारें में बताया, श्रीदेवी तुरंत तैयार हो गईं। दोनों ने 15 मिनट एक-दूसरे से बात की। फिर श्रीदेवी तैयार होने के लिए वॉशरूम में चली गईं।

बोनी कपूर उस दौरान श्रीदेवी का इंतजार कर रहे थे। जब वह कुछ देर तक बाहर नहीं आईं, तो बोनी ने दरवाजा खटखटाया। इसके बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो बोनी ने धक्का मारकर दरवाजा खोला।दरवाजा खुलते ही बोनी ने देखा कि श्रीदेवी बेसुध बाथ टब में पड़ी हुई हैं। उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। बोनी ने श्रीदेवी को होश में लाने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद बोनी ने अपने दोस्त को फोन किया। करीब रात 9 बजे पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई।