प्रयागराज: महामारी के दौर में घर से लेकर सरहद तक, विज्ञान से लेकर सुरक्षा तक हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपने धैर्य, साहस, ज्ञान व पराक्रम से अग्रिम मोर्चे पर सेवाएं दीं और अपनी नेतृत्व क्षमता का लोहा मनवाया। जनपद में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज 08 मार्च को सी.ए.वी. इण्टर कालेज के प्रांगण में जिला स्तरीय वृहद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा व साहस के दम पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।

जिला प्रबोशन अधिकारी पंकज मिश्रा ने बताया कि जनपद में अनंता मेगा इवेंट का बड़ा आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद के 28 विभाग एक ही पायदान पर नजर आएंगे। इस कार्यक्रम में सम्मलित संबन्धित विभागों की महिला कर्मचारी व अन्य क्षेत्रों में उतृष्ट कार्य कर रही 100 सें ज्यादा महिलाओं व बालिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।

महिलाओं के संघर्ष की कहानी समाज के लिए बनेगी प्रेरणा
महिलाएं अपने हक के लिए जागरूक और सजग हैं। अपने सपनों की हर उड़ान को भरने के लिए निडरता के साथ आगे बढ़ रही हैं। लेकिन बहुत सी महिलाएं आज भी शारीरिक, मानसिक, व सामाजिक संघर्ष के चलते कई बार पेशेवर व घरेलू माहौल में असमानता व रूढ़िवादी विचारों का सामना करती हैं। वह अपने सम्मान के लिए अपनों व समाज से जूझती हैं। मेगा इवेंट अनंता कार्यक्रम का उद्देश्य चयनित महिलाओं के संघर्ष के सफर को सभी आम व खास महिलाओं तक पहुंचाना है। यह कहानियाँ उनके जीवन में प्रेरक की भूमिका निभाएँगी। इस कार्यकर्म में सम्मानित की जाने वाली महिलाओं की कहानियों को रेडियो, टीवी, टॉक शो, समाचार पत्रों व गोष्ठियों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम "महिला नेतृत्व: कोविड-19 की दुनिया में एक समान भविष्य को प्राप्त करना" रखा है। इसका संदेश महिलाओं के नेतृत्व को समर्पित है। वहीं प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन की दृष्टि से चलाए जा रहे अभियान मिशन शक्ति के तहत मार्च माह की थीम ‘महिलाओं तथा बच्चों में सामाजिक व्यवहार परिवर्तन संचार’ रखा है। इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को उपने अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज में समानता के साथ बिना लिंग भेद के सभी को स्वतन्त्रता व अधिकार पूर्वक जीने का संदेश देगा।

कार्यक्रम में कृषि विभाग, पंचायतीराज विभाग, युवा कल्याण विभाग बेसिक शिक्षा विभाग, जिला उद्योग विभाग, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग, आईटीआई, उपायुक्त स्वतः रोजगार, डूडा, दिव्यांगजन सशक्तिीकरण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला कल्याण विभाग, उद्यान विभाग, नेडा, बाल पुष्टाहार विभाग, सांस्कृतिक विभाग एवं श्रम विभागों के द्वारा योजनाओं से सम्बंधित प्रदर्शनी लगायी जायेगी तथा महिलाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ अन्य कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा।