इलाहाबाद। संगम तट पर परेड मैदान में शनिवार दोपहर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हरीतिमा अभियान से ही गंगा और यमुना सदानीरा होंगी। उन्होंने इस महाअभियान में सभी से जुड़ने का आह्वान किया। बोले, गंगा जीवनदायिनी हैं, पतितपावनी हैं। इनके संरक्षण के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार ने अहम कदम उठाए हैं। पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा के लिए अलग से मंत्रालय बनाया। प्रधानमंत्री की राह पर चलते हुए ही प्रदेश में वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने बिजनौर से लेकर बलिया तक हरीतिमा अभियान शुरू किया है। इसके तहत गंगा के दोनों किनारों पर एक किमी तक पौधरोपण कर हरित पट्टी का निर्माण किया जाएगा। इसमें आमजन से लेकर स्वयं सेवी संगठनों को भी आगे आना चाहिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुंभ के कार्यो के लिए 684 करोड़ की 151 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। कहा कि ये कार्य इसी साल अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। कहा कि इसके पहले पांच सौ करोड़ की परियोजनाओं का पिछली बार उन्होंने शिलान्यास किया था, जो कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। कहा कि कुंभ में देश के सभी छह लाख गांवों से श्रद्धालु आएंगे। इसके अलावा 192 देशों के पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर ही तैयारियां की जा रही हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हरीतिमा अभियान की वेबसाइट, मोबाइल एप भी लांच किया। उन्होंने गंगा स्वच्छता अभियान में जुड़े लोगों की फिल्म, गंगा गीत की सीडी भी लांच किया। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री दारा सिंह चौहान, नगर विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, स्टांप एवं पंजीयन व उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री उपेंद्र तिवारी, सांसद श्यामचरण गुप्ता व विनोद सोनकर तथा महापौर अभिलाषा गुप्ता विधायक नीलम करवरिया हर्षवर्धन वाजपेयी संजय गुप्ता भी आदि लोग मौजूद रहे।